वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:- हत्या कर जमीन में दबाया शव, 23 दिन बाद कुत्तों ने खोला राज
- होली के दिन से लापता होने के बाद हत्या की आशंका जता रहे थे परिजन
- मायके पक्ष ने पुलिस पर जांच में ढिलाई बरतने और कार्रवाई में देरी का लगाया आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। आठ मार्च को होली के दिन कामबक्सपुर गांव से लापता हुई सरिता को पुलिस तलाशने का दावा करती रही और कुत्तों ने शुक्रवार को दुर्गंध आने पर जमीन खोदकर शव बरामद करा हत्या का राज खोल दिया। सरिता के लापता होने के बाद उसके पति ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जबकि मायके पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव छुपाने का आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने 15 मार्च को इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। लेकिन मामले में खुलासा नहीं हो पाया था। अब, इस मामले में पुलिस ने पति व कुछ अन्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ससुराल पक्ष के फरार लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
ग्रेनो वेस्ट के तुस्याना गांव निवासी हरिओम की बेटी सरिता की शादी 16 फरवरी 2015 को डेरी कामबक्सपुर गांव निवासी जोगिंदर से हुई थी। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोग सरिता को प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार दोनों पक्षों में वार्ता और पंचायत के बाद समझौता हो गया था। आठ मार्च को सरिता लापता हो गई। एक दिन बाद जोगिंदर ने नालेज पार्क थाने में पत्नी के लापता होने की तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। फिर सरिता के भाई नरेंद्र ने ससुराल पक्ष पर दहेज आदि का आराेप लगाकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने 15 मार्च को पति जोगिंदर, सास संता, जेठ भूपेंद्र, जेठानी ऊषा, चचिया ससुर विजयपाल, ननदोई मनोज, विनोद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व अपहरण का केस दर्ज कराया था।
शुक्रवार सुबह कामबक्सपुर गांव निवासी देवेंद्र अपने खेत पर पहुंचे तो कुछ दूरी पर देखा कि कुत्ते मिट्टी खोदकर जमीन से कुछ निकालने का प्रयास कर रहे हैं। देवेंद्र ने कुत्तों को भगाकर ध्यान से देखा तो उन्हें शव दबा होने की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षत-विक्षत शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन का आरोप है कि कई दिन पहले हत्या कर शव छुपाने की जानकारी देने के बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही थी। सरिता का छह साल का एक बेटा है जो अब तक ससुराल पक्ष के पास था, उसे मायके पक्ष ने अपनी सुपुदर्गी में ले लिया है।
महिला से अवैध संबंध का विरोध करने पर सरिता को पीटा था
दर्ज कराई गई रिपोर्ट में सरिता के भाई ने बहनोई जोगिंदर पर अपने ही परिवार की महिला से संबंध रखने व सरिता को नापसंद करने का आरोप लगाया था। नरेंद्र का आरोप है कि 12 मार्च 2021 को सरिता ने पति के अवैध संबंधों का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई थी। इसकी शिकायत थाने में देने पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। नौ मार्च को जब मायके वालों ने सरिता को कॉल की तो उसकी जेठानी से रिसीव कर कहा कि उनकी बहन कहीं चली गई है। तभी उन्हेें हत्या कर शव छुपाने की आशंका हो गई थी।
हत्या के बाद महिला पर ही उठाने लगे थे सवाल
आरोप है कि आरोपी ससुराल पक्ष के लोग सरिता की हत्या के बाद उसके चरित्र पर ही उंगली उठाने लगे थे। गांव के लोगों से भी आरोपी किसी के साथ जाने की जानकारी देते थे। जब मायके पक्ष ने उसकी बरामदगी की मांग की तो एक पुलिसकर्मी ने भी बरामदगी के लिए मोबाइल की सीडीआर आदि की जांच की बात कही।
मामले में पहले महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। बाद में अपहरण और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया था। शव बरामद करने के बाद केस में हत्या व शव छुपाने की धारा बढ़ा दी जाएगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - अशोक कुमार, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा